होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- जिला होशियारपुर के गांव टूटो माजारा स्थित ब्रह्मलीन 108 संत बाबा दलेल सिंह जी के जन्मस्थान कुटिया में 20 सितंबर से शुरू हुए 41 दिवसीय श्री सुखमनी साहिब और मूल मंत्र के अखंड पाठ का निर्विघ्न समापन हुआ। कुटिया के मुख्य सेवादार बाबा माखन सिंह और बाबा बलबीर सिंह शास्त्री जी ने समस्त संगत के सहयोग से यह आयोजन करवाया। यह धार्मिक आयोजन ब्रह्मलीन बाबा दलेल सिंह जी की 27वीं वार्षिक बरसी, ब्रह्मलीन बाबा सतनाम सिंह जी की वार्षिक बरसी और ब्रह्मलीन बाबा जगदेव सिंह मोनी जी की 17वीं वार्षिक बरसी को समर्पित था।
इस अवसर पर सबसे पहले महिलाओं द्वारा कीर्तन किया गया। इसके बाद बाबा माखन सिंह जी और बाबा बलबीर सिंह शास्त्री जी ने पाठ करने वाली महिलाओं और बच्चियों को गुरु घर की बख्शिश के रूप में सिरोपा देकर सम्मानित किया। संगत को गुरु का लंगर अटूट वितरित किया गया।
बाबा माखन सिंह जी और बाबा बलबीर सिंह शास्त्री जी ने बताया कि ब्रह्मलीन बाबा दलेल सिंह जी की 27वीं वार्षिक बरसी, ब्रह्मलीन बाबा सतनाम सिंह जी की वार्षिक बरसी और ब्रह्मलीन बाबा जगदेव सिंह मोनी जी की 17वीं वार्षिक बरसी को समर्पित धार्मिक समारोह 20 और 21 नवंबर को आयोजित किए जाएंगे।
