नवांशहर, 22 नवंबर (जतिंदर पाल सिंह कलेर):- राष्ट्रीय कानूनी सेवाएं प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों तथा पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, एस.ए.एस. नगर के माननीय सदस्य सचिव से प्राप्त आदेशों के तहत, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-अध्यक्ष, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, शहीद भगत सिंह नगर, श्री जतिंदर पाल सिंह खुरमी के नेतृत्व में आज जिला अदालत, शहीद भगत सिंह नगर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट (एन.आई. एक्ट) की धारा 138 के तहत लंबित चेक बाउंस के मामलों का आपसी सहमति से निपटारा करना था।
इस विशेष लोक अदालत के दौरान जिला स्तर और सब-डिवीजन बलाचौर में गठित बेंचों द्वारा दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मौके पर ही 26 मामलों का निपटारा किया गया तथा ₹79,58,925 के अवार्ड पारित किए गए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सी.जे.एम.-कम-सचिव, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, शहीद भगत सिंह नगर, डॉ. अमनदीप ने बताया कि लोक अदालतों के माध्यम से दोनों पक्षों की आपसी सहमति से लोगों को सस्ता, सुलभ और शीघ्र न्याय मिलता है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों का लोक अदालतों के माध्यम से समाधान करवाने को प्राथमिकता दें, क्योंकि लोक अदालत द्वारा पारित अवार्ड को सिविल कोर्ट की डिक्री के बराबर कानूनी मान्यता प्राप्त होती है और इसके फैसले के विरुद्ध आगे कोई अपील नहीं की जा सकती।
