रेडक्रॉस महासचिव महेश जोशी का हिसार दौरा, सेवा और जन जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की

हरियाणा/हिसार: भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के महासचिव महेश जोशी ने जिला शाखा हिसार का शनिवार को दौरा किया। उनके आगमन पर रेडक्रॉस भवन में सेवा और न्याय की प्रतीक देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष में रक्तदान शिविर एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

हरियाणा/हिसार: भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के महासचिव महेश जोशी ने जिला शाखा हिसार का शनिवार को दौरा किया। उनके आगमन पर रेडक्रॉस भवन में सेवा और न्याय की प्रतीक देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष में रक्तदान शिविर एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। 
इसका उद्देश्य नशा मुक्ति, पर्यावरण स्वच्छता तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महेश जोशी के करकमलों द्वारा किया गया तथा रेडक्रॉस संस्थापक हेनरी डयूनेन्ट को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस हिसार के सचिव रविन्द्र कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात महेश जोशी ने  रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया एवं रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस शिविर में 36 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जिसका प्रबंधन सामान्य अस्पताल हिसार की रक्तकोष टीम द्वारा  किया गया।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान 7 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण व व्हीलचेयर वितरित की गई। मुख्य अतिथि महेश जोशी को रेडक्रॉस सचिव रविन्द्र कुमार द्वारा स्मृति चिन्ह  भेंट किया गया। इसके पश्चात महेश जोशी ने रेडक्रॉस द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी प्रकल्पों जैसे आंचल मानसिक विकास केंद्र, शीघ्र हस्तक्षेप कार्यक्रम, दृष्टिबाधितार्थ संस्थान, ऑर्थो एवं फिजियोथेरेपी सेंटर, प्रोटेक्शन हाउस, कम्प्यूटर सेंटर एवं टीआई प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महेश जोशी ने आर.आई.सी.टी. कंप्यूटर सेंटर के विद्यार्थियों को उनके प्रमाण पत्र वितरित किए और रेडक्रॉस परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जिला शाखा द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कर्मचारियों के साथ बैठक की, उनकी समस्याएं सुनीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सचिव रविन्द्र कुमार, लेखाकार राहुल शर्मा, जिला प्रशिक्षण अधिकारी विनोद कुमारी, फिजियोथैरेपिस्ट मांगेराम, राकेश शर्मा, विनेश नागपाल, श्री रामनिवास शर्मा (मंच संचालन) सहित टीआई प्रोजेक्ट व रेडक्रॉस स्टाफ के सभी सदस्य उपस्थित रहे।