सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़, उनका सम्मान और बेहतर जीवन आयोग की पहल - चंदन ग्रेवाल

होशियारपुर- पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी हमारे समाज की रीढ़ हैं और उनका सम्मान करना तथा उनके लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। वे आज नगर निगम होशियारपुर पहुंचे और निगम के अधिकारियों तथा सफाई कर्मचारी यूनियन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे।

होशियारपुर- पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी हमारे समाज की रीढ़ हैं और उनका सम्मान करना तथा उनके लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। वे आज नगर निगम होशियारपुर पहुंचे और निगम के अधिकारियों तथा सफाई कर्मचारी यूनियन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे। 
इस दौरान उनके साथ मेयर सुरिंदर कुमार, कमिश्नर नगर निगम डॉ. अमनदीप कौर, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण सैनी, डिप्टी मेयर रणजीत चौधरी के अलावा अन्य अधिकारी तथा यूनियन के प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए चंदन ग्रेवाल ने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना तथा उनके कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जायजा लेना था। 
उन्होंने कहा कि सीवरमैनों की हड़ताल का संज्ञान लेते हुए वे उनकी समस्याएं सुनने के लिए होशियारपुर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने आज सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनी हैं और जो समस्याएं निगम स्तर पर हैं, उनका मौके पर ही समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य समस्याओं को स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह के संज्ञान में लाया जाएगा और सुनिश्चित किया जाएगा कि उन समस्याओं का भी जल्द समाधान हो। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज के लिए अहम भूमिका निभाते हैं और उनका सम्मान व कल्याण सुनिश्चित करना प्रशासन का कर्तव्य है। 
बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। श्री ग्रेवाल ने अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों की स्थानीय स्तर की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि हर कर्मचारी को समय पर वेतन मिले और उन्हें काम से संबंधित सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण और प्रशिक्षण की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया। 
बैठक के दौरान चंदन ग्रेवाल ने राज्य सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा।