चंडीगढ़, 19 नवंबर:- हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग की ओर से दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में जिला युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। हरियाणा के सहकारिता, जेल, चुनाव, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में हर तरह के महोत्सवों और गतिविधियों में भाग लिया है। युवाओं को भी विश्वविद्यालय, कॉलेज और कक्षा स्तर पर आयोजित होने वाली प्रत्येक सकारात्मक गतिविधि में हिस्सा लेना चाहिए। इससे न केवल उनकी प्रतिभा निखरती है, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व का भी विकास होता है। उन्होंने बताया कि देश की कुल आबादी में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की हिस्सेदारी लगभग 27.5 प्रतिशत है, जबकि 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग की आबादी लगभग 65 प्रतिशत है। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की कितनी बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों का पालन करना भी प्रत्येक युवा का दायित्व है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का संकल्प विकसित भारत के साथ-साथ विकसित हरियाणा का निर्माण करना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की ऊर्जा, मेहनत और सकारात्मक सोच निर्णायक भूमिका निभाएगी। इस वर्ष युवा महोत्सव का विषय 'नशामुक्त युवा, विकसित भारत' रखा गया है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत का शिकार है, तो उसे समझाकर समाज की मुख्यधारा में वापस लाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि हरियाणा वीरों, शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और खिलाड़ियों की धरती है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और पैरा खेलों सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी रुचि लेने और अपनी प्रतिभा को लगातार आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखते हुए राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

डॉ. शर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित होने वाले युवा महोत्सव के विजेताओं को राज्य स्तर पर और राज्य स्तर के विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सोनीपत के युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने युवाओं से केंद्र सरकार के 'मेरा युवा भारत' पोर्टल पर पंजीकरण कराने और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में भाग लेने का भी आह्वान किया।