चंडीगढ़ नगर निगम सदन की बैठक: मिठाई बांटने को लेकर कांग्रेस, आप ने भाजपा का बहिष्कार किया

चंडीगढ़- मेयर हरप्रीत कौर बबला के नेतृत्व में आज हुई नगर निगम चंडीगढ़ की सदन की बैठक काफी शोरगुल भरी रही। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों ने संपत्ति कर के मुद्दे पर भाजपा को घेरा और बैठक कक्ष के अंदर भाजपा के खिलाफ नारे लगाए तथा भाजपा के खिलाफ तख्तियां दिखाईं।

सबसे पहले पहलगाम हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। कुछ देर बाद जैसे ही मेयर बबला ने आश्वासन दिया कि प्रशासक जल्द ही 238 करोड़ रुपये का फंड मुहैया कराएंगे, भाजपा पार्षदों ने खुशी-खुशी मिठाई बांटनी शुरू कर दी।

दूसरी ओर, कांग्रेस और आप पार्षदों ने मिठाई लेने से इनकार कर दिया तथा मिठाई के मुद्दे पर भी भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
विपक्षी पार्षदों का कहना था कि भाजपा पहलगाम घटना के मृतकों को श्रद्धांजलि देने के बाद मिठाई बांट रही है। दोनों दलों के पार्षदों ने ‘भाजपाइयों शर्म करो’ के नारे लगाते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। दोनों दलों के पार्षदों के बहिष्कार के बाद मेयर हरप्रीत कौर बबला ने भाजपा पार्षदों के साथ बैठक की कार्यवाही जारी रखी।