
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना
चंडीगढ़, 29 जून - हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए जनभागीदारी बहुत जरूरी है। जनता के सहयोग से जहां विकास को गति मिलती है, वहीं सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना भी सुनिश्चित होता है।
चंडीगढ़, 29 जून - हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए जनभागीदारी बहुत जरूरी है। जनता के सहयोग से जहां विकास को गति मिलती है, वहीं सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना भी सुनिश्चित होता है। जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन में जनसहयोग की अपनी भूमिका होती है। विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, पौधारोपण, नशामुक्ति अभियान जैसे कार्यक्रमों के लिए जनजागरूकता होनी चाहिए।
ये सभी वर्तमान समय के महत्वपूर्ण विषय हैं और जनता के साथ मिलकर ही इन्हें हासिल किया जा सकता है। कैबिनेट मंत्री रविवार को जींद के दनौदा खुर्द में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुन रहे थे। मन की बात कार्यक्रम का यह 123वां एपिसोड था, जिसे कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीणों के साथ सुना। इस अवसर पर श्री कृष्ण कुमार बेदी ने ग्रामीणों को 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम पूरे देश में प्रसिद्ध है। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सीधे देशवासियों से जुड़ते हैं और बहुत महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया साहस और संसाधनों के समन्वय का संदेश बहुत महत्वपूर्ण है। इस संदेश को आत्मसात कर देशवासी किसी भी तरह की आपदा और संकट पर विजय प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार का मुख्य फोकस जमीनी स्तर से जुड़े बहुत महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे पेड़ लगाना, गांव-गांव तक तालाबों की सफाई, योग को जन-जन तक पहुंचाना, जल जीवन मिशन, ग्राम स्तर पर ज्ञान केन्द्रों व अटल सेवा केन्द्रों की स्थापना पर है। इनमें आम आदमी के जीवन स्तर में आमूलचूल व सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता है।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं भी मन की बात कार्यक्रम सुनें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इस कार्यक्रम को सुनने से आम आदमी को सद्भाव, एकता और मैत्रीपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
